गुलेर चौक पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट सरकारी आटा ले जा रही पिकअप पकड़ी

By: Oct 1st, 2026 12:39 pm

बाबूराम, भटेहड़वासा

हरिपुर। सरकारी आपूर्ति के गेहूं के आटे को लेकर हरिपुर पुलिस ने गुलेर चौक पर बड़ी कार्रवाई की है। नियमित जांच के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली तो उसमें सरकारी आपूर्ति वाला गेहूं का आटा पाया गया। पुलिस के मुताबिक आटे को ले जाने के लिए मौके पर कोई आवश्यक परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बोलेरो पिकअप और गेहूं के आटे को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी आपूर्ति की खेप को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर यह आटा कहां से आया और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

हरिपुर थाना में एफआईआर नंबर 72/2026, दिनांक 30 सितंबर 2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस जांच में यह सामने आएगा कि सरकारी आपूर्ति के इस आटे की खेप का स्रोत क्या था और इसके परिवहन के पीछे किसकी भूमिका थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App