शिलाई के प्रकाश भारतीय पेसापोलो टीम के कप्तान, सिडनी में खेला जाएगा 12वां वर्ल्ड कप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नाहन
एशिया कप में महिला कबड्डी टीम की कप्तान सिरमौर के गिरिपार की बेटी पुष्पा राणा के बाद अब सिरमौर जिला के गिरिपार के टिंबी गांव के बेटे प्रकाश ठाकुर देश के पेसापोलो टीम का नेतृत्व बतौर कप्तान करेंगे। प्रकाश ठाकुर देश की पेसापोलो टीम का नेतृत्व ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में दो से पांच अक्तूबर तक होने वाले 12वें पेसापोलो वल्र्ड कप में करेंगे। प्रकाश ठाकुर सिरमौर की शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिम्बी के रहने वाले हैं। भारतीय टीम 29 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुई है और नौ अक्तूबर को भारत लौटेगी। दुनिया के पांच देशों की भागीदारी वाले इस विश्व कप में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी और फिनलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुकाबले सिडनी के लायनल वाट्स पार्क में खेले जाएंगे।
प्रकाश ठाकुर के लिए यह सफर खास इसलिए भी है, क्योंकि सिरमौर के दुर्गम गिरिपार क्षेत्र के शिलाई से निकलकर उन्होंने पेसापालो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है। जून, 2026 में भी उनकी कप्तानी में हिमाचल प्रदेश ने 17वीं नेशनल पेसापालो चैंपियनशिप के सीनियर मिक्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, प्रतियोगिता में पुरुष, महिला और मिक्स वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
