प्रदेश को मिले 154 कॉमर्स टीचर, राज्य चयन आयोग ने जारी किया शिक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में कॉमर्स के शिक्षकों के 156 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26020 के तहत आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 1734 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1451 उम्मीदवारों ने कम्प्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 359 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था।
सात और 10 सितंबर को दस्तावेजों की जांच के बाद 154 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक-एक पद खाली रह गया है। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नामए रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए. एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
चयन आयोग भरेगा 15 पद
हमीरपुर। राज्य चयन आयोग की कार्य प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए आयोग में विभिन्न श्रेणियों के 15 पद सेकंडमेंट आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारी पात्र होंगे। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि आयोग में पीए, सीनियर असिस्टेंट, सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर और जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर का एक-एक पद तथा जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 11 पद भरे जाएंगे। डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए पात्र कर्मचारी निर्धारित प्रपत्र पर अपने-अपने विभागों के उचित माध्यम से 31 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए. एचपी.जीओवी.इन पर भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
