अगले हफ्ते पीएम से मिलेंगे हिमाचल के एशियन गेम्स स्टार
पुष्पा राणा की अगवाई में कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता टीम पहुंचेगी
रजत पदक विजेता सावन बरवाल, ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सीमा कुमारी भी करेंगे मुलाकात
स्टाफ रिपोर्टर— धर्मशाला
एशियाई खेलों में देश और हिमाचल का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ी अगले हफ्ते प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री से होने वाली इस मुलाकात में हिमाचल के स्टार खिलाडिय़ों की मौजूदगी खास रहेगी। भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता कप्तान पुष्पा राणा की अगवाई में टीम प्रधानमंत्री से मिलेगी। टीम में हिमाचल की रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर भी शामिल होंगी। इसके साथ ही सिल्वर मेडलिस्ट हिमाचल के जोगिंद्रनगर मंडी निवासी सावन बरवाल व भारत की उडऩपरी चंबा की रहने वाली व धर्मशाला साई केंद्र की खोज ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सीमा कुमारी भी शामिल होंगी। 20वें एशियाई खेलों का समापन चार अक्तूबर को होना है।
संभावित शेड्यूल के तहत पीएमओ आवास में सभी एशियन गेम्स खिलाडिय़ों को प्रधानमंत्री की ओर से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री से मिलने वाले हिमाचली खिलाडिय़ों में मंडी के जोगिंद्रनगर निवासी सावन बरवाल और चंबा निवासी भारत की धाविका सीमा कुमारी भी प्रमुख नाम होंगे। सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में ऐतिहासिक रजत पदक जीता।
पुष्पा-रितु-ज्योति-भावना स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम का हिस्सा
हिमाचल की पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों के फाइनल में कांटे की टक्कर में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम में पुष्पा के अलावा हिमाचल की रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल रहीं। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। पुष्पा, ज्योति और भावना धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र से जुड़ी रही हैं।
साई सेंटर धर्मशाला में जल्द मिलेगा सोना बाथ
एशियन गेम्स में महिला कबड्डी खिलाडिय़ों के देश को गोल्ड दिलवाने के बाद जगी उम्मीद
साई चंडीगढ़ से किया जा रहा पत्राचार, लंबे समय से अधर में है मांग
स्टाफ रिपोर्टर— धर्मशाला
देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों की तैयारियों का प्रमुख केंद्र बने भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला में अब खिलाडिय़ों को सोना बाथ की सुविधा जल्द मिलने वाली है। एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित धर्मशाला केंद्र के तीन खिलाडिय़ों ज्योति व भावना के एक साथ पदक जीतने के बाद केंद्र ने यह सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए साई चंडीगढ़ से पत्राचार किया जा रहा है। हालांकि सोना बाथ की सुविधा प्रदान करने की मांग लंबे समय से चल रही है, जिस पर अब तक उचित कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिसे लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। एनसीओई धर्मशाला में लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां से तैयार खिलाड़ी देश और विदेश में आयोजित बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर केंद्र व भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
बावजूद इसके खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण के बाद शरीर की थकान और मांसपेशियों को राहत देने के लिए इस्तेमाल होने वाली सोना बाथ सुविधा उपलब्ध नहीं है। अब एशियन गेम्स में धर्मशाला केंद्र के खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन के बाद इस कमी को दूर करने की कवायद शुरू हुई है। खेल विशेषज्ञों के अनुसार, सोना बाथ खिलाडिय़ों के लिए अत्यंत उपयोगी सुविधा है। इसमें गर्म पानी और भाप के माध्यम से शरीर को आराम देने, मांसपेशियों की जकडऩ कम करने और कठिन प्रशिक्षण या प्रतियोगिता के बाद शरीर को पुन: तैयार करने में मदद मिलती है। उधर, एनसीओई के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने बताया कि खिलाडिय़ों के लिए सोना बाथ सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में साई चंडीगढ़ से पत्राचार किया जा रहा है। खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना केंद्र की प्राथमिकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
