798 पंचायतों ने नहीं किया वीबी जीराम जी का काम, सी. पालरासु ने लापरवाही पर ली बीडीओ की क्लास
पंचायती राज सचिव सी पालरासु ने लापरवाही पर ली बीडीओ की क्लास
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
मनरेगा की जगह देशभर में शुरू हुई नई वीबी जीराम जी योजना में राज्य की 798 पंचायतों में काम अभी जीरो है। इन पंचायतों में एक भी काम इस स्कीम के तहत नहीं हुआ है। पंचायती राज विभाग के सचिव सी. पालरासु ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया है। हाल ही में हुई खंड विकास अधिकारियों की कार्यशाला में संबंधित अधिकारियों की क्लास भी ली गई है। इनसे अब हर 15 दिन में रिपोर्ट मांगी जा रही है। संबंधित बीडीओ ने इन पंचायतों में काम को तेज करने का भरोसा दिया है। हालांकि वीबी जीराम जी योजना में राज्य का ओवरऑल काम अन्य राज्यों के मुकाबले ज्यादा पीछे नहीं है। यदि जिलों की बात करें, तो प्रदेश के 12 जिलों में सबसे अच्छा काम अभी चंबा और बिलासपुर जिला कर रहे हैं। बाकी जिलों में काम अभी धीमा है। प्रदेश में अभी 32 विकास खंड ऐसे हैं, जहां आधे से ज्यादा पंचायतों में जीरो काम हुआ है। ये विकास खंड 10 जिलों में पड़ते हैं। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की रिपोर्ट के अनुसार हमीरपुर जिला के विकास खंड बिझड़ी में 32 पंचायतों में काम जीरो है।
कांगड़ा जिला के इंदौरा की 52, किन्नौर जिला के कल्पा की 16, निचार की 22, कुल्लू जिला के आनी की 27, बंजार में 20, नग्गर में 27 और निरमंड ब्लॉक में 21 पंचायतों में अभी जीरो काम हुआ है। लाहुल की 29 और स्पीति की 13 पंचायतों में भी काम जीरो है। मंडी जिला में बालीचौकी की 27, निहरी में 12 और सिराज में 19 पंचायतें अभी जीरो पर हैं। शिमला जिला के बसंतपुर में 13, छौहारा में 27, चौपाल में 29, कोटखाई में 17, कुफरी में 11, मशोबरा में 25, ननखड़ी में 10, रामपुर में 27 और ठियोग में 39 पंचायतों में एक भी काम नहीं हुआ है। इसी तरह सिरमौर जिला के नाहन ब्लॉक में 19, तिलोरधर में 15 पंचायतें जीरो पर हैं। सोलन जिला के कंडाघाट ब्लॉक में 15, कुनिहार में 39, नालागढ़ में 46, पट्टा ब्लॉक में 19, सोलन में 30, पंचायत में यून्य हुआ है। ऊना जिला के अंब ब्लॉक में 34, हरोली में 24 और ऊना ब्लाक में 42 पंचायतें भी अभी जीरो पर खड़ी हैं। उधर, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सी. पालरासु कहते हैं कि ओवरऑल मेनडेज और एक्सपेंडिचर में हिमाचल बाकी राज्यों से अच्छा काम कर रहा है, लेकिन करीब 798 पंचायतों में जीरो काम होना लापरवाही को दिखाता है। इन पंचायतों की अब मॉनिटरिंग की जा रही है। मनरेगा की तरह ही बीबी जीराम जी में राज्य को इस साल के लिए 1300 करोड़ की एनुअल प्लान का अप्रूवल मिला है। इस पैसे को इसी वित्त वर्ष में खर्च किया जाएगा
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
