पांगी में विकास कार्यों को जल्द गति दें अधिकारी

By: Oct 9th, 2026 12:54 am

पांगी में एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने की बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा, योजनाओं का लिया जायजा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय क्षेत्र पांगी के मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में गुरुवार को बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी चंबा के चेयरमैन एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति पांगी के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने की। ललित ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र पांगी में विकास कार्यों को गति देने के साथ जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में विकास खंड पांगी, कृषि, उद्यान, जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की योजनाओं व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में इन्होंने भरी हाजिरी
बैठक में बीडीओ पांगी आस्था पवार, वन मंडलाधिकारी रवि गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति राम रत्न, अधिशाषी अभियंता विद्युत सुनील चंदेल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण प्रमोद शर्मा, नायब तहसीलदार किलाड़ वीर सिंह, आरओ आईटीडीपी रोहित प्रधान, ग्राम पंचायत करयास प्रधान देव राज, ग्राम पंचायत फिंडरू प्रधान नैना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App