डलहौजी में खाद्य पदार्थों के 8 सैंपल भरे
खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा की टीम ने स्ट्रीट फूड वेंडर्स पर दी दबिश
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा की टीम ने सहायक आयुक्त दीपक आनंद की अगुवाई में पर्यटन नगरी डलहौजी में दबिश देकर स्ट्रीट फूड वेंडर्स के खाद्य पदार्थों की जांच की और विभिन्न खाद्य पदार्थों के आठ सैंपल एकत्रित किए। इस दौरान स्ट्रीट फूड वेंडर्स के पास उपलब्ध खाद्य पदार्थों की जांच करते हुए गुलाब जामुन, मलाई चाप, मोमोज और टिक्की सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इन सभी सैंपलों को गुणवत्ता की जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी कौंडल, भुवन चौहान और चैन लाल भी टीम में शामिल रहे। दीपक आनंद ने स्ट्रीट फूड वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखें, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और नियमानुसार खाद्य कारोबार का लाइसेंस बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले खाद्य पदार्थों का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दीपक आनंद ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति डलहौजी में एनालाग पनीर की आपूर्ति करता है तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
