जब रावण की राख होती है ठंडी, मिलते हैं देवता…

By: Oct 12th, 2026 12:05 am

रस्सी अकेले नहीं खिंचती, नाटी अकेले नहीं नाची जाती। हाथ थामने पड़ते हैं और कंधे मिलाने पड़ते हैं। जिस दौर में एक ट्वीट मतभेद को मनभेद में बदल देता है, वहां ढालपुर का मैदान सात दिन तक साथ बैठने का अनुशासन सिखाता है। कुल्लू दशहरा केवल पर्व नहीं, उस चेतना का उत्सव है जहां रास्ते अनेक हैं, पर दूसरे तक पहुंचने का रास्ता बंद नहीं। यहां देवता एक-दूसरे तक आते हैं, तभी मनुष्य भी पास आने का साहस कर पाता है। विजय के बाद उत्सव का अंत जरूरी नहीं, वह अहंकार के विसर्जन और मिलन की नई शुरुआत भी हो सकता है- ढालपुर हर वर्ष यही दोहराता है…

देश भर में जिस दिन रावण के पुतलों की राख ठंडी हो रही होती है, उसी दिन कुल्लू में ढोल की पहली थाप पड़ती है। यह देरी नहीं है, यह एक अलग दृष्टि है। देश भर में दशहरा बुराई पर विजय का संदेश देता है। कुल्लू में वही पर्व विजय के साथ देवमिलन और सामुदायिक एकात्मता का भाव भी रचता है। एक जगह प्रतीक जलाया जाता है, दूसरी जगह देवता अपने-अपने थान-थिरौली से निकलकर एक ही मैदान में आ बैठते हैं। इस छोटे से फर्क में कुल्लू दशहरे का बड़ा दर्शन छिपा है। ढालपुर में हर वर्ष सैकड़ों देवी-देवताओं का एकत्र होना केवल धार्मिक परंपरा नहीं है। इस सामूहिक उपस्थिति के पीछे एक गहरा सामाजिक दर्शन काम करता है। यहां रथ की रस्सी खींचने के लिए असंख्य हाथ एक साथ उठते हैं, गूर की हुंकार गूंजती है और देव-पालकियां एक-दूसरे के सम्मुख झुककर आत्मीय प्रणाम करती हैं। इसलिए सवाल यह नहीं कि दशहरा कैसे मनता है, विचारणीय यह है कि वह क्या सिखाता है? आखिर क्यों विजयादशमी की उस बेला में सात दिनों के लिए 200 से अधिक देवी-देवता अपना एकांत छोडक़र कुल्लू के ढालपुर में एक साथ बैठते हैं?

इस मिलन का अर्थ समझने के लिए तीन देव रूपों को पास-पास रखकर देखना होगा। पहले, बिजली महादेव। कशावरी धार पर 2460 मीटर की ऊंचाई पर यह थान कुल्लू की आस्था का शिखर है। मान्यता है कि यहां रह-रहकर बिजली गिरती है और शिवलिंग खंडित हो जाता है, जिसे मक्खन से जोड़ा जाता है। कथा में चमत्कार से बड़ा संदेश है। जो सबसे ऊंचा है, वही सबसे पहले चोट अपने ऊपर लेता है। दशहरे में वही महादेव अपना कठिन एकांत छोडक़र देवसमागम में आते हैं। उनका आना बताता है कि ऊंचाई का अर्थ दूरी नहीं होता। उसी देव-समागम के केंद्र में रघुनाथ जी हैं। सत्रहवीं शताब्दी में अयोध्या से रघुनाथ जी की प्रतिमा कुल्लू लाई गई। राजा जगत सिंह ने उन्हें कुल्लू का अधिष्ठाता स्वीकार किया और स्वयं उनका छड़ीबरदार बन गए। यह केवल धार्मिक कथा नहीं, राजधर्म की एक अलग समझ भी थी- राजा ने अपनी सत्ता से ऊपर मर्यादा को स्थान दिया। इसी भाव ने कुल्लू दशहरे को राज-परंपरा से आगे बढ़ाकर व्यापक लोक-आस्था का उत्सव बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। रघुनाथ जी के दरबार में हर देवता अपनी पहचान, अपने गूर-कारदार और अपने बाजे-गाजे के साथ आता है। किसी को अपनी बोली या घाटी की परंपरा को छोटा नहीं करना पड़ता। फिर भी सब एक ही उत्सव का हिस्सा बन जाते हैं। यहां वैष्णव मर्यादा जकड़ती नहीं, जोड़ती है।

तीसरी उपस्थिति माता हिडिंबा की है। मनाली की डूंगरी से आने वाली हिडिंबा केवल महाभारत की पात्र नहीं हैं। वह इस क्षेत्र के जीवन से जुड़ी देवी हैं। उन्हें घर की बड़ी बुजुर्ग की तरह मानने का भाव सहज है। उनके रथ का ढालपुर पहुंचना औपचारिक शक्ति के आगमन जैसा नहीं लगता, लगता है जैसे परिवार की वह जेठी आ गई हो जिसके बिना कोई बड़ा मिलन पूरा नहीं होता। यहां देवी शास्त्र के कठिन शब्दों में नहीं, ममता में जीती हैं। इन तीनों को साथ रखकर देखें तो कुल्लू दशहरे का एक सुंदर अर्थ उभरता है। बिजली महादेव संकट को सहने का साहस याद दिलाते हैं, रघुनाथ जी मर्यादा के साथ चलने का भाव देते हैं और हिडिंबा उस संबंध में ममता और आत्मीयता जोड़ती हैं। अलग-अलग प्रतीक, अलग-अलग परंपराएं- फिर भी ढालपुर में कोई दीवार नहीं। यही कुल्लू दशहरे की सुंदरता है। इसे केवल सह-अस्तित्व कहना कम होगा। सह-अस्तित्व में लोग साथ रहते हैं, पर एक-दूसरे की ओर देखते नहीं। यहां आत्मीयता है। कुल्लू में देवता केवल मंदिर की मूर्तियां नहीं हैं। वे गांव के सामाजिक जीवन, सामुदायिक फैसलों और पारिवारिक संस्कारों का हिस्सा हैं। उनसे पूछा जाता है, उन्हें मनाया जाता है। इसलिए जब घाटियों से देवता आते हैं, तो वह केवल अनुष्ठान नहीं रहता, वह समाज के एक साथ बैठने का अभ्यास बन जाता है।

इसीलिए कुल्लू दशहरा एकत्व का नहीं, एकात्मता का उत्सव है। शिव और राम का संबंध ही इस एकात्मता का बीज-मंत्र है, जिसे तुलसीदास ने सूत्र में बांधा था :

‘सिव द्रोही मम भगत कहावा, सो नर सपनेहुं मोहि न पावा।’

एकत्व एक सांचे में ढालता है, एकात्मता में हर कोई अपनी मौलिकता बचाए रखकर साथ चलता है। बिजली महादेव अपना शिखर नहीं छोड़ते, रघुनाथ जी मर्यादा नहीं छोड़ते, फिर भी दोनों एक ही ढालपुर में मिल जाते हैं। किसी को छोटा किए बिना दूसरे के लिए जगह बनाना ही संस्कृति का मर्म है।

रस्सी अकेले नहीं खिंचती, नाटी अकेले नहीं नाची जाती। हाथ थामने पड़ते हैं और कंधे मिलाने पड़ते हैं। जिस दौर में एक ट्वीट मतभेद को मनभेद में बदल देता है, वहां ढालपुर का मैदान सात दिन तक साथ बैठने का अनुशासन सिखाता है। कुल्लू दशहरा केवल पर्व नहीं, उस चेतना का उत्सव है जहां रास्ते अनेक हैं, पर दूसरे तक पहुंचने का रास्ता बंद नहीं। यहां देवता एक-दूसरे तक आते हैं, तभी मनुष्य भी पास आने का साहस कर पाता है। विजय के बाद उत्सव का अंत जरूरी नहीं, वह अहंकार के विसर्जन और मिलन की नई शुरुआत भी हो सकता है- ढालपुर हर वर्ष यही दोहराता है।

कुमार रोहित

अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त

निदेशक (PDUNASS)

ईमेल- write2kumarrohit@outlook.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App