पंजावर में अगले साल से शुरू होंगी एमबीए की कक्षाएं
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने की पंजावर बस अड्डे के लिए 50 लाख देने की घोषणा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में निर्माणाधीन मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक केंद्र में अगले वर्ष से एमबीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए गुजरात के आनंद स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के साथ सहयोग किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय सहकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित प्रबंधक, विशेषज्ञ और नेतृत्व तैयार करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को सहकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले पंजावर गांव में आयोजित छिंज मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पंजावर में बस अड्डे के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग बस अड्डे के लिए जिस स्थान का चयन करेंगे, वहां इसका निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गोंदपुर पार्क को आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा
टाहलीवाल। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गोंदपुर पार्क की सुंदरता को और निखारते हुए इसे युवाओं और क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए पार्क में विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पार्क में युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही, एचआरटीसी की गौरवशाली सेवाओं और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाने के उद्देश्य से पार्क में एचआरटीसी की बस को मॉडल के रूप में स्थापित किया जा रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत के दूसरे तालाब को भी क्षेत्र के अन्य तालाबों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने आज कुठार बीत पहुंचकर तालाब की साइट का जायजा लिया और इसके विकास से जुड़ी संभावनाओं का
निरीक्षण किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
