चिल्ड्रन पार्क की बदलेगी सूरत

By: Oct 16th, 2026 12:51 am

झूलों की होगी मरम्मत; पार्क में तैनात होंगे दो चौकीदार, नशाखोरी रोकने के लिए पुलिस को किया सूचित
निजी संवाददाता-सोलन
शहर के चिल्ड्रन पार्क की हालत सुधारने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम सोलन ने कवायद तेज कर दी है। पार्क में खराब पड़े झूलों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था में सुधार और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने की योजना बनाई जा रही है। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने पार्क का निरीक्षण कर इसकी मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पार्क में मौजूद कमियों को दूर कर इसे बच्चों और शहरवासियों के लिए बेहतर बनाया जाएगा। मेयर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले पार्क में विकास कार्य करवाए गए थे, लेकिन अब दोबारा सुधार और सौंदर्यीकरण की जरूरत है। इसके लिए निरीक्षण किया जा चुका है और जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर आगामी कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। हाल ही में नगर निगम आयुक्त राजदीप सिंह, एसडीओ अल्पना ठाकुर सहित निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण किया था।

इस दौरान पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और सुधार की आवश्यकता वाले कार्यों का जायजा लिया गया। मेयर ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया है, ताकि पार्क में आने वाले बच्चों और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए यहां दो चौकीदार तैनात करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, पार्क में तैनात चौकीदार से भी लिखित जवाब मांगा गया है। पार्क में खराब पड़े झूलों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य अगले एक से दो महीने के भीतर पार्क की प्रमुख कमियों को दूर करना है।

जल्द सुधार कार्य करवाने की मांग
चिल्ड्रन पार्क की मौजूदा हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द सुधार कार्य करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पार्क में बच्चे खेलने और परिवार समय बिताने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन खराब झूलों और सफाई व्यवस्था में कमी के कारण उन्हें परेशानी होती है। लोगों ने पार्क में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खराब झूलों की मरम्मत करवाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App