दून में 104 करोड़ के तीन सबस्टेशन मंजूर
विधायक राम कुमार चौधरी ने झाड़माजरी और ठाणा में किया भूमि पूजन, बिजली के कटों से मिलेगी छुटकारा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो -बीबीएन
दून क्षेत्र में बिजली की बढ़ती मांग, ओवरलोडिंग और बार-बार लग रहे कटों से राहत दिलाने के लिए स्वीकृत नए बिजली उपकेंद्रों के निर्माण की दिशा में काम शुरू हो गया है। विधायक राम कुमार चौधरी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत झाड़माजरी के हिल टॉप कुण्डाहल तथा ग्राम पंचायत ठाणा में भूमि पूजन कर भूमि सुधार कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए बिजली उपकेंद्र स्वीकृत किए हैंए जिनसे ग्रामीण आबादी के साथ औद्योगिक इकाइयों को भी लाभ मिलेगा। राम कुमार चौधरी ने बताया कि झाड़माजरी में बिजली उपकेंद्र के निर्माण के लिए 27 करोड़ 48 लाख रुपये और ठाणा में उपकेंद्र के लिए 21 करोड़ 77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नए उपकेंद्र स्थापित होने से मौजूदा विद्युत ढांचे पर बढ़ रहा भार कम होगा और वितरण व्यवस्था मजबूत बनेगी।
इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने तथा ओवरलोडिंग के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी। विधायक ने कहा कि बद्दी.बरोटीवाला.नालागढ़ प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। मौजूदा व्यवस्था पर दबाव बढऩे से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। बार.बार कट लगने से लोगों की दिनचर्या के साथ उद्योगों का उत्पादन भी प्रभावित होता है। अब क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने तीन और उपकेंद्रों को मंजूरी दी है। इनके स्थापित होने से नालागढ़ सीमा से लेकर कालूझंडा तक के गांवों और औद्योगिक इकाइयों को बिजली संबंधी परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। राम कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री का दून विधानसभा क्षेत्र का दौरा शीघ्र प्रस्तावित है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
