भरमौर के होली में ग्रामीणों संग रात बिताएंगे CM सुक्खू, 22 अक्तूबर को करेंगे दौरा

By: Oct 17th, 2026 10:28 pm

22 अक्तूबर को होली दौरे के दौरान करोड़ों की विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत सुनेंगे समस्याएं
लाके वाली माता मंदिर में भी करेंगे पूजा-अर्चना

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 22-23 अक्तूबर को जनजातीय उपमंडल भरमौर की होली तहसील के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू होली क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री लाके वाली माता मंदिर में माथा टेकने के साथ ही निर्माणाधीन होली-उतराला सडक़ की स्थिति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार को होली गांव में रात्रि विश्राम के लिए रुकने के साथ ही ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर लोगों की समस्याएं व मांगें जानेंगे। इसके साथ ही सीनियर सेकेंडरी स्कूल होली व एकलव्य विद्यालय के छात्रों से भी संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उपमंडलीय प्रशासन ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का 22 अक्तूबर को होली आने का कार्यक्रम तय हुआ है। हालांकि मुख्यमंत्री के होली प्रवास का अधिकारिक तौर पर कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। सीएम दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। कांग्रेस के नेता व पदाधिकारी भी मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।

हेलिकाप्टर से पहुंचेंगे

मुख्यमंत्री गुरुवार को हेलिकाप्टर के माध्यम से होली पहुंचेंगे। इसके बाद होली स्कूल व एकलव्य छात्रावास के छात्रों से संवाद करेंगे। इसके बाद करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन कर जनता को सौगात सौंपेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री लाके वाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ ही होली-उतराला सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।

होली-उतराला रोड की आस

मुख्यमंत्री रात को होली गांव में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। होली दौरे की आहट के साथ ही ग्रामीणों को कई अधूरे विकास योजनाओं विशेषकर होली-उतराला मार्ग के कार्य को गति मिलने की उम्मीद जगी है। एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री का होली दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के रविवार तक अधिकारिक तौर पर जारी होने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App