छात्रों ने जानी डेयरी की आधुनिक तकनीक

By: Oct 22nd, 2026 12:02 am

डेयरी उद्योग की बारीकियां सीखने गुरदासपुर पहुंचे अरनी के विद्यार्थी, समझी दूध प्रसंस्करण की प्रक्रिया

निजी संवाददाता- इंदौरा
प्रदेश के कृषि विभाग द्वारा विद्यार्थियों को डेयरी उद्योग की आधुनिक तकनीकों एवं कार्यप्रणाली से परिचित करवाने के उद्देश्य से वेरका मिल्क प्लांट गुरदासपुर का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को दूध संग्रहण, खरीद प्रक्रिया, पाश्चुरीकरण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग जैसी महत्त्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों की भूमिका को समझाना है। अरनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डाक्टर विवेक सिंह ने अपने संदेश में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त करना नहीं है, बल्कि उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्राप्त करना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावहारिक दक्षता, नवाचार की सोच और उद्यमशीलता की भावना विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डा. आरके पांडे ने अपने संदेश में कहा कि व्यावहारिक शिक्षा विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल विकास का अभिन्न अंग है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने, नवीन तकनीकों से परिचित होने और भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की पहचान करने में सहायता करते हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योग-आधारित अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को कृषि एवं डेयरी उद्योग के बीच संबंधों को समझने तथा अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक परिस्थितियों से जोडऩे का अवसर प्रदान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App