भगेड़ के पास फोरलेन की हालत खस्ता, बार-बार उखड़ रही टायरिंग
बार-बार मरम्मत करने के बाद भी नहीं सुधर पाए हालात, राहगीरों और चालकों को आ रही भारी परेशानी, जल्द से जल्द स्थिति सुधारने के लिए उठाई मांग
निजी संवाददाता-भगेड़
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर जिला बिलासपुर के भगेड़ के समीप सडक़ की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। करोड़ों की लागत से तैयार इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बिछाई गई टायरिंग बार-बार उखड़ रही है। बार-बार पैचवर्क और मरम्मत किए जाने के बावजूद सडक़ का टिक न पाना अब इसके निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। स्थिति यह है कि इस व्यस्त मार्ग पर सफर करना वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है।
स्थानीय निवासियों में भारी रोष, उच्च स्तरीय जांच की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन जैसी सामरिक और वीआईपी सडक़ पर टायरिंग का बार-बार उखडऩा एक गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग और फोरलेन प्रबंधन की नाक के नीचे ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि मरम्मत के कुछ दिनों बाद ही सडक़ दोबारा टूट रही है, तो विजिलेंस या किसी स्वतंत्र एजेंसी से इसके निर्माण की जांच करवाई जानी चाहिए।
लोगों ने लगाई स्थायी समाधान की गुहार
इलाका वासियों और वाहन चालकों ने संबंधित लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रबंधन से पुरजोर मांग की है कि इस पैच का तुरंत मौका मुआयना किया जाए। सडक़ की केवल औपचारिकता के लिए मरम्मत करने के बजाय इसका स्थायी तकनीकी समाधान ढूंढा जाए और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
