राजस्थान में फर्जी वसीयत बनाकर हरिपुर की महिला की जमीन हड़पी
हरिपुर में जीरो एफआईआर दर्ज; पति ने दर्ज करवाया मामला, अनूपगढ़ पुलिस को भेजा केस, छानबीन शुरू
निजी संवाददाता-हरिपुर
फर्जी वसीयत दस्तावेज तैयार कर एक महिला की जमीन अपने नाम करवाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना हरिपुर में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। मामला राजस्थान के अनूपगढ़ क्षेत्र से जुड़ा होने के चलते अब इसकी आगामी जांच वहां की पुलिस करेगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जलख (बिलासपुर) निवासी लेखराज शर्मा पुत्र स्व.धनी राम शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी पत्नी स्व. कृष्णा देवी की जमीन को बलविंदर सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी पतरोड़ा, अनूपगढ़ (राजस्थान) ने कथित तौर पर फर्जी वसीयत दस्तावेज तैयार करवाकर अपने नाम करवा लिया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के आधार पर हरिपुर पुलिस ने मंगलवार को जीरो एफआईआर संख्या 02/26 दर्ज की है। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया है। चूंकि कथित घटना राजस्थान के अनूपगढ़ की है, इसलिए हरिपुर पुलिस ऑनलाइन जीरो एफआईआर के साथ शिकायत पत्र और एफआईआर की प्रति अनूपगढ़ पुलिस थाना भेज रही है, ताकि वहां आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच अमल में लाई जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
