मंडी की सडक़ों पर मोदी-जयराम के नारे

By: Nov 5th, 2026 12:55 am

पदयात्रा के बहाने भाजपा ने दिखाया दम, सेरी मंच से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का प्रण
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
चुनावी साल की दहलीज पर खड़ी भाजपा ने मंडी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बहाने बुधवार को मंडी जिला में एक बार फिर अपनी राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन किया। पड्डल मैदान से लेकर सेरी मंच तक शहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नारों से गंूजता रहा। मंडी के सेरी मंच से भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाने साधते हुए लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का प्रण लिया। बुधवार को सुबह से ही पड्डल मैदान में जिलेभर से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते पड्डल मैदान पार्टी कार्यकर्ताओं से भर गया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के साथ पदयात्रा की अगुवाई की।

पड्डल से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सेरी मंच पहुंची। पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में पार्टी के झंडे और जुबां पर नारे लिए कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते रहे। जयराम ठाकुर के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक भी पैदल चलते हुए सेरी मंच पहुंचे। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ नेताओं का स्वागत किया। सेरी मंच पर आयोजित सभा में भी कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के खिलाफ भी कार्यकर्ताओं ने लगातार नारेबाजी कर अपना आक्रोश जाहिर किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App