भीड़ के आगे सडक़ जाम

By: Nov 7th, 2026 12:54 am

डीसी चौक और रेड लाइट चौक पर करना पड़ा लंबा इंतजार
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
दीपावली पर्व के चलते बाजारों में बढ़ी रौनक और खरीदारी के लिए उमड़ी लोगों की भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय ऊना सहित आसपास के बाजारों में वाहनों का दबाव बढऩे से जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। शहर ऊना की सडक़ों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के डीसी चौक और रेड लाइट चौक पर सबसे अधिक यातायात दबाव देखने को मिला। यहां वाहन चालकों को चौराहे पार करने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों के वाहनों की संख्या बढऩे से मुख्य सडक़ों पर आवाजाही प्रभावित रही। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, त्योहार के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण पैदल चलने वालों को भी रास्ता निकालने में दिक्कतें पेश आईं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए एसपी ऊना सहित पुलिस के अन्य अधिकारी खुद मोर्चा संभालते नजर आए। पुलिस जवानों को विभिन्न चौकों और व्यस्त मार्गों पर तैनात किया।

दिवाली मनाने को घर आ रहे हैं लोग
नौकरी, कारोबार व अन्य पेशे जुड़े लोग और शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थी सहित अन्य प्रदेश वासी हिंदू धर्म के सबसे बड़े पर्व दिवाली को मनाने के लिए अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। इसके चलते शहर ऊना की मुख्य सडक़ एनएच धर्मशाला-चंडीगढ़ मार्ग पर आवाजाही चार गुणा बढ़ गई है। जिसके चलते वाहन चालकों को शहर ऊना में भयंकर जाम से होकर गुजरना पड़ रहा है। यह स्थिति दीपावली के अगले दो दिनों तक रहने वाली है।

सुबह-शाम बड़े वाहनों पर रोक
एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि जिला के बड़े शहरों व सिकुड़े रास्ते वाले बाजारों में बड़े वाहनों की आवाजाही पर सुबह-शाम रोक लगाई जा रही है। ताकि छोटे चार पहिया व दो पहिया वाहन चालकों को जाम के कारण ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पुलिस जिला के प्रत्येक चौक व शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कार्य कर रही है। वहीं नजर रखी जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App