बस में सफर कर रहे आरोपी से चरस बरामद
निजी संवाददाता-स्वारघाट
नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने करमाला के पास फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक बस से 852 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चरस के साथ हरियाणा के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन निवासी जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन नवंबर 2026 को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने एनएच फोरलेन पर करमाला के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक बस को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर बस में सवार युवक के कब्जे से 852 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना स्वारघाट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरी नजर रखी जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
