धनतेरस पर लोगों ने जमकर की खरीददारी
जिला सिरमौर के बाजारों में इलेक्ट्रिकल से लेकर पूजा, सजावट सामान के लिए दुकानों में लगी भीड़
कार्यालय संवाददाता- नाहन
वर्ष के सबसे बड़े त्योहार दीपावली का पांच दिवसीय पर्व शुक्रवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी अथवा धनतेरस से शुरू हो गया है। धनतेरस के अवसर पर जिला सिरमौर के बाजारों में लोगों की शुभ मानी जाने वाली वस्तुओं के लिए भारी भीड उमड़ी। जिला मुख्यालय नाहन के बाजार में धनतेरस को लेकर हालांकि सुबह से ही लोग बाजारों में खरीददारी को लेकर जुटने शुरू हो गए थे, मगर शाम को खरीददारी का मुर्हूत होने से लोगों ने जमकर बर्तन, चांदी के सिक्के, सोने इत्यादि की खरीददारी की। इसके अलावा इलेक्ट्रिॉनिक्स के सामान की ग्राहकों ने धनतेरस पर बाजारों से खरीददारी की। इस दौरान ज्वेलर्स, बर्तन विक्रेताओं के अलावा पंसारी, सजावट के सामान, मिट्टी के उत्पादों को बेचने वालों के पास भारी भीड़ जुटी दिखी। छोटा चौक के व्यापारी असित कांत गुप्ता ने बताया कि दीपावली की पांच दिवसीय पर्व की शृंखला का आरंभ शुक्रवार को हुआ, जिसके लिए लोगों ने लक्ष्मी, गणेश पूजन के लिए विशेष पूजा सामग्री की खरीददारी की।
इसके अलावा खील-बताशे, मिठाइयों को लेकर भी बड़े पैमाने पर खरीददारी हुई। सजावट के सामान के विक्रेता वैभव गर्ग ने बताया कि दीपावली पर घर-प्रतिष्ठानों की सजावट विशेष रूप से होती है, जिसके लिए आकर्षक वंदन द्वार, झुमर, मालाएं इत्यादि उपलब्ध करवाई, जिनकी जमकर खरीददारी हुई। उधर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदारों ने एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, माइक्रोवेव ओवन की छूट के साथ खरीददारी की। वहीं इलेक्ट्रिकल दुकानदारों ने विशेष तौर पर आकर्षक रोशनी से युक्त लडिय़ां उपलब्ध करवाई, जिनकी लोगों ने घरों की सजावट के लिए जमकर खरीददारी की। उधर लंबे समय से चला आ रही कारोबार की मंदी में अचानक उछाल दर्ज हुआ। दुकानों में दीपावली की खरीददारी को लेकर दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। हालांकि ग्राहकों ने महंगाई को लेकर अपनी जानकारी सांझा की। ग्राहक मोहन सिंह, राजेंद्र, संतोष आदि ने बताया कि इस मर्तबा दीपावली सामान को लेकर महंगाई भी उत्पादों में नजर आई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
