Chitta: शोघी में पकड़ा 24 ग्राम चिट्टा, तीन लोग गिरफ्तार
अमन वर्मा—शिमला
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी के समीप बसों की चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में करीब 24 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में स्पेशल सेल शिमला की टीम ने पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में सवार भोपिन्दर सिंह (30), निवासी रोहड़ू और अनुज कुमार (32), निवासी रोहड़ू के कब्जे से करीब 13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार भोपिन्दर सिंह की जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी के अंदर पारदर्शी प्लास्टिक पन्नी में चिट्टा छिपाकर रखा गया था।
इस मामले में पुलिस ने अभियोग संख्या 243/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से नशे की सप्लाई और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं, दूसरे मामले में स्पेशल सेल की टीम ने पुलिस पोस्ट शोघी के नजदीक एक बस की चेकिंग के दौरान करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। पुलिस ने बस की सीट पर बैठे विजय ठाकुर (42), निवासी कुमारसैन, जिला शिमला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 242/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों मामलों में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और संभावित नशा सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
