झारखंड से शव लेकर वाराणसी जा रहे 19 लोग हादसे का शिकार, पांच की मौत, 14 घायल
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां गिरिडीह जिले से एक शव लेकर वाराणसी जा रहे 19 लोगों से भरे पिकअप वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका, बिहारो और सलैया गांव के लोग एक परिचित के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए वाराणसी जा रहे थे। शव को पिकअप वाहन के ऊपर बांधा गया था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे उनका वाहन हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में महानैतांड़ कट के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि रास्ते में शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई थी। इसे ठीक करने के लिए चालक ने पिकअप वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस बीच हादसे के बाद एक अन्य कोयले से लदा ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। हादसे में टक्कर मारने वाले ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक परिचित के अंतिम संस्कार के लिए निकले लोगों का सफर इस दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना की खबर मिलते ही संबंधित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
