गेयटी थिएटर में सजी ‘द सेवन रिजेस’ कला प्रदर्शनी
‘द सेवन रिजेस’ में सात कलाकारों की रचनात्मकता का संगम, कांगड़ा शैली की लघु चित्रकला और प्रिंटमेकिंग बनी आकर्षण; 15 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में शुक्रवार से तीन दिवसीय सामूहिक कला प्रदर्शनी ‘द सेवन रिजेस’ का आगाज हुआ। 13 से 15 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में सात कलाकार अपनी अलग-अलग कलात्मक शैलियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को एक मंच पर प्रस्तुत कर रहे हैं। शिमला की सात पहाडिय़ों से प्रेरित इस प्रदर्शनी में पारंपरिक पहाड़ी कला, आधुनिक चित्रकारी, मूर्तिकला, क्राफ्ट और प्रिंटमेकिंग का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। प्रदर्शनी में कांगड़ा की पारंपरिक लघु चित्रकला लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कलाकार विक्रम एस. तमांग ने प्रदर्शनी में कांगड़ा शैली की विभिन्न लघु चित्रकलाएं प्रदर्शित की हैं।
वहीं, प्रवीण रावत की कलाकृतियों में हिमाचली संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, स्थानीय देवी-देवताओं और हिमालयी परिदृश्यों की झलक देखने को मिल रही है। आदित्य सिंह ठाकुर ने अपनी आधुनिक और रंगीन चित्रकारी के माध्यम से शिमला सहित अन्य पहाड़ी शहरों की बदलती पहचान को दर्शाया है। मेघा चौहान ने मिट्टी से बनी कलाकृतियों, मछली और सांप की आकृतियों, मोमबत्तियों, रेजिन आर्ट और सजावटी उत्पादों को प्रदर्शित किया है। वहीं, विकास खाम की वाटरकलर से बनी फूलों की पेंटिंग आकर्षण का केंद्र हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पीएचडी शोधार्थी अश्विनी राणा ने अपनी कलाकृतियों में पहाड़ों और प्राकृतिक दृश्यों को कल्पना और भावनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया है।
कांगड़ा की लघु चित्रकला बनी आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में कलाकार विक्रम एस. तमांग की ओर से प्रदर्शित कांगड़ा शैली की पारंपरिक लघु चित्रकलाएं विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। इन चित्रों में हिमाचल की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है। बारीक रेखाओं, प्राकृतिक रंगों और सूक्ष्म चित्रांकन के माध्यम से पारंपरिक चित्रकला की खूबसूरती को उकेरा गया है। वहीं, प्रवीण रावत की कलाकृतियों में हिमाचली संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, स्थानीय देवी-देवताओं और हिमालयी प्राकृतिक दृश्यों को स्थान दिया गया है।
प्रिंटमेकिंग की पारंपरिक तकनीकों ने खींचा ध्यान
कलाकार विकास रॉय ने प्रदर्शनी में सेरिग्राफी लिथोग्राफी और वुडकट तकनीकों का प्रदर्शन किया। कलाकार विकास रॉय ने प्रिंटमेकिंग की विभिन्न पारंपरिक तकनीकों से लोगों को रूबरू करवाया। उन्होंने सेरिग्राफी, लिथोग्राफी और वुडकट तकनीकों का प्रदर्शन कर इनकी बारीकियों और प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान कला प्रेमियों और दर्शकों ने इन तकनीकों को करीब से देखा और प्रिंटमेकिंग की रचनात्मक प्रक्रिया को समझा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
