आधार कार्ड के अभाव में दिव्यांग को न पेंशन मिली, न राशन
80 फीसदी दिव्यांगता का मेडिकल प्रमाणपत्र होने के बावजूद वर्षों से सुविधाओं से वंचित 22 वर्षीय कुलदीप
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब उपमंडल की मुगलावाला करतारपुर पंचायत के करतारपुर गांव में 22 वर्षीय दिव्यांग युवक पिछले कई वर्षों से सरकारी सुविधाओं के लिए भटक रहा है। आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं लग पाई है, जबकि केवाईसी पूरी न होने से राशन मिलना भी बंद हो गया है। हैरानी की बात है कि कुलदीप कुमार का 80 प्रतिशत दिव्यांगता का मेडिकल प्रमाणपत्र भी बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। जानकारी के अनुसार सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर को उनकी स्कूल की सहपाठी ममता ने फोन कर कुलदीप की स्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद संजय कंवर कुलदीप और उसकी माता नीलम से मिलने उनके घर पहुंचे। नीलम ने बताया कि उनका बेटा बचपन से दिव्यांग है। आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसकी पेंशन नहीं लग सकी और राशन मिलना भी बंद हो गया है।
आधार कार्ड के लिए जिला अधिकारियों को लिखा पत्र
संजय कंवर ने इस मामले में जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि नई पेंशन स्वीकृत करवाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। इसके बाद संजय कंवर तहसील कल्याण अधिकारी सुमन शर्मा से भी मिले। उन्होंने बताया कि कुलदीप का आधार कार्ड बनवाने के लिए जिला अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। संजय कंवर ने कहा कि वह जल्द ही उपायुक्त सिरमौर से मिलकर कुलदीप को पेंशन और अन्य सरकारी सुविधाएं दिलाने का मामला उठाएंगे।
संजीव नागपाल ने की आर्थिक मदद
इस दौरान पांवटा साहिब निवासी संजीव नागपाल अपने परिवार सहित कुलदीप के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को राशन, जरूरत का अन्य सामान और नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। संजय कंवर ने इस सहयोग के लिए संजीव नागपाल का आभार जताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
