त्योहारी सीजन में ऊना डिपो ने कमाए 15 लाख रुपए
दिल्ली, चंडीगढ़; शिमला और बद्दी सहित विभिन्न रूटों पर 62 अतिरिक्त विशेष बसें दौड़ाकर यात्रियों को दिया लाभ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
दीपावली के त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के ऊना डिपो ने विशेष बसों का संचालन कर करीब 15 लाख रुपये की कमाई की है। निगम की ओर से त्योहारी सीजन के दौरान अलग-अलग रूटों पर 62 अतिरिक्त बसें चलाई गईं। इन बसों के माध्यम से निगम ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ अच्छी आमदनी भी अर्जित की। जानकारी के अनुसार दीपावली के अवसर पर जिला ऊना के बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी और परिवारों के सदस्य बाहरी राज्यों एवं प्रदेश के विभिन्न शहरों से अपने घर पहुंचे थे। त्योहार मनाने के बाद अब इन लोगों ने वापस अपने कार्यस्थलों और शिक्षण संस्थानों का रुख किया। यात्रियों की इसी बढ़ती संख्या को देखते हुए एचआरटीसी ऊना डिपो ने विशेष बसों की व्यवस्था की थी। इन बसों को मुख्य रूप से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला, बद्दी सहित अन्य महत्वपूर्ण रूटों पर चलाया गया। त्योहारी सीजन में बसों की मांग सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। विशेषकर दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली। नौकरीपेशा लोगों के अलावा विद्यार्थियों और निजी क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं ने भी बड़ी संख्या में इन बसों में सफर किया।
वहीं, बाहरी क्षेत्रों से दीपावली मनाने ऊना पहुंचे मेहमानों की वापसी के लिए भी अतिरिक्त बसें काफी मददगार साबित हुईं। उधर, त्योहारी सीजन के दौरान ऊना स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) में भी यात्रियों की खूब भीड़ देखने को मिली। बस अड्डे पर सुबह से लेकर शाम तक यात्रियों की आवाजाही बनी रही। बसों में सीट हासिल करने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, बस अड्डे पर भीड़ बढऩे के कारण आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव देखने को मिला। गौरतलब है कि एचआरटीसी की ओर से हर वर्ष दीपावली, होली और अन्य प्रमुख त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य त्योहार मनाने के बाद वापस लौटने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है। इस बार भी ऊना डिपो की ओर से चलाई गईं 62 अतिरिक्त बसों से यात्रियों को राहत मिली और निगम को करीब 15 लाख रुपये की आय हुई। ऊना डिपो ने विशेष बसों का संचालन कर करीब 15 लाख की कमाई की है। निगम की ओर से बसें चलाई गईं।
यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना प्राथमिकता
एचआरटीसी ऊना डिपो के आरएम राजेश जोशी ने कहा कि निगम ने इस त्यौहारी सीजन में 62 रूटों पर विशेष गाडिय़ां चलाई थी, इससे निगम ने करीब 15 लाख रुपये की इनकम कमाई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना और यात्रा को आसान बनाना एचआरटीसी की प्राथमिकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
