खाकी पहनने के लिए 901 युवाओं ने बहाया खूब पसीना
ग्राउंड टेस्ट में 767 के छूटे पसीने, 134 हुए पास, 599 रहे अनुपस्थित, पुलिस प्रशासन ने किए थे पुख्ता इंतजाम
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
खाकी वर्दी पहनकर पुलिस विभाग में सेवाएं देने का सपना संजोए युवाओं ने शुक्रवार को पुलिस लाइन झलेड़ा में खूब पसीना बहाया। हिमाचल प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा के पहले दिन युवाओं का दमखम परखा गया। पहले दिन 1500 पुरुष अभ्यर्थियों को ग्राउंड टेस्ट के लिए बुलावा भेजा गया था, जिनमें से 901 युवाओं ने मैदान में पहुंचकर अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। हालांकि, इनमें से केवल 134 अभ्यर्थी ही विभिन्न शारीरिक परीक्षणों में सफल हो पाए, जबकि 767 युवाओं को असफलता का सामना करना पड़ा। वहीं, 599 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुबह से ही पुलिस लाइन झलेड़ा में युवाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। खाकी वर्दी पहनने की चाहत में अभ्यर्थी निर्धारित समय पर मैदान में पहुंचे। इस दौरान युवाओं को शारीरिक दक्षता के विभिन्न पड़ावों से गुजरना पड़ा अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता जांची गई।
सारे प्रबंध हैं पुख्ता
एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि पुलिस आरक्षी की भर्ती पुलिस लाइन झलेड़ा में पूर्ण सुरक्षा व पूर्ण प्रबंधों के बीच हो रही है। पहले दिन 1500 आवेदकों को बुलाया गया था, जिसमें से 901 युवा ही ग्राउंड टेस्ट के लिए पहुंचे और उनमें से सिर्फ 134 युवा ही इस ग्राउंड टेस्ट को पास कर पाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
