जखेवाल में खेल मैदान के लिए तीस लाख

By: Nov 14th, 2026 12:55 am

हरोली में दंगल के लिए कमेटी को दिए 11 लाख, जोरदार स्वागत से हुए गदगद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार देर सायं हरोली के जखेवाल (बीटन) में आयोजित पावन दंगल में शिरकत की। दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों ने दंगल में शिरकत करने पर उनका पारम्परिक रीती से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने पहलवानों के मुकाबले देखे और संत बाबा अनूप महाराज का भी आशीर्वाद लिया। अग्निहोत्री ने कहा कि संत बाबा ढांगू वाले महाराज के इस पावन दंगल से उनका 24 वर्षों का जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि महाराज ने लगातार 24 वर्षों तक मुझे इस दंगल में बुलाया। यहां की धरती और बाबा जी से मुझे जो प्यार मिला है, उसे मैं कभी लौटा नहीं सकता। विधायक के रूप में 25 वर्षों तक सेवा का अवसर देने के लिए मैं हलके की जनता का आभारी हूं।

उन्होंने कहा कि संत बाबा अनूप महाराज का आशीर्वाद भी हलके की जनता को मिल रहा है। उन्होंने दंगल को उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ और हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा दंगल बताते हुए कहा कि इसकी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। अग्निहोत्री ने इस अवसर पर खेल मैदान के विकास के लिए 30 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने पावन दंगल के आयोजन के लिए 11 लाख देने की घोषणा की। पंचायत घर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की गलियों और सडक़ों के लिए मांगी गई 25 लाख की राशि कार्यक्रम से पहले ही जारी कर दी गई है। वहीं डिप्टी सीएम ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App