स्कूल के अंदर पढ़ाई और बाहर बीड़ी-सिगरेट पर पैनी नजर
बिलासपुर में 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री रोकने को बढ़ाई निगरानी, सफाई, पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था पर भी सख्ती
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में बच्चों के सुरक्षित भविष्य और बेहतर शैक्षणिक माहौल को लेकर सरकारी स्तर पर दोहरी कवायद शुरू हो गई है। एक ओर शिक्षा विभाग ने स्कूलों की आंतरिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों की जवाबदेही तय कर दी है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। अब स्कूलों के भीतर पढ़ाई, स्वच्छता और अनुशासन पर नजर रहेगी, तो बाहर 100 गज के दायरे में तंबाकू बेचने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। शिक्षा विभाग के उपनिदेशक कार्यालय बिलासपुर की ओर से जारी निर्देशों में जिले के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालयों के संस्थान प्रमुखों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त युवा अभियान के चौथे चरण के तहत 26 दिसंबर तक स्कूलों के साथ गांवों को भी तंबाकू मुक्त बनाने की मुहिम चलाई जा रही है। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के अभियान में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकना प्रमुख चुनौती है।
शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक के नियम का पालन करवाने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। इस दायरे में तंबाकू बेचने वाली दुकानों और खोखों की पहचान कर कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। चारों स्वास्थ्य खंडों के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से दूर रहने की शपथ भी दिलाई जा रही है। साथ ही यह अभियान का दायरा केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा। ऐसे गांवों की पहचान की जा रही है, जहां तंबाकू उत्पादों की दुकानें या खोखे संचालित नहीं होते। इन गांवों को तंबाकू मुक्त गांव के रूप में विकसित करने की योजना है। विद्यार्थियों को जागरूकता अभियान से जोडक़र तंबाकू सेवन के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाई जा रही है। अभियान के तहत कैंसर, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में गाइड और पूरक पुस्तकों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
60 दिन तक चलेगा तंबाकू मुक्त युवा अभियान
सीएमओ बिलासपुर डॉ. राशि दत्त शर्मा के अनुसार तंबाकू मुक्त युवा अभियान का चौथा चरण 26 दिसंबर तक चलेगा। यह 60 दिवसीय अभियान बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के साथ इसके स्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जिले के चारों स्वास्थ्य खंडों के माध्यम से गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं और इनका पूरा ब्यौरा एकत्रित किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण तथा जागरूकता गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
