पद्मश्री हरिमन शर्मा को ‘प्लांट जीनोम सेवियर अवार्ड’

By: Nov 14th, 2026 12:56 am

नई दिल्ली में सजे समारोह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव ने किया सम्मानित
स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
गर्म जलवायु में सेब उगाने की किस्म एचआरएमएन-99 विकसित कर बागबानी की दुनिया में नई क्रांति का सूत्रपात करने वाले और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत घुमारवीं के प्रगतिशील बागबान हरिमन शर्मा को देश के एक और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। पनियाला गांव के इस किसान को प्लांट जीनोम सेवियर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के एपी शिंदे संगोष्ठी सभागार में 12 नवंबर को आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस पुरस्कार की प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर साल देशभर से केवल दो किसानों का चयन किया जाता है। वर्ष 2023-24 के लिए चयनित दो किसानों में हिमाचल प्रदेश से हरिमन शर्मा एकमात्र नाम हैं। एक किसान के खेतों में शुरू हुए प्रयोगों का राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे हिमाचल के लिए गौरव की बात है। हरिमन शर्मा ने उस सोच को चुनौती दी है, जिसमें सेब की खेती को केवल ठंडे पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित माना जाता था। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुभव और वर्षों के प्रयोगों से सेब की ऐसी किस्म विकसित की, जो गर्म जलवायु में भी उगाई जा सकती है। एचआरएमएन-99 के नाम से पहचानी जाने वाली इस किस्म ने देश के गर्म क्षेत्रों में भी सेब उत्पादन की संभावनाओं को नई दिशा दी है।

पनियाला गांव से राष्ट्रीय मंच तक पहचान
बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल के पनियाला गांव के हरिमन शर्मा की उपलब्धि ने साबित किया है कि प्रतिभा और नवाचार के लिए बड़े शहरों या बड़े संस्थानों का होना जरूरी नहीं है।
बड़े संस्थान नहीं, खेतों में प्रयोग बने सफलता की सीढ़ी
हरिमन शर्मा की उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि उनका सफर किसी बड़े शोध संस्थान की प्रयोगशाला से नहीं, बल्कि अपने खेतों में किए गए प्रयोगों से शुरू हुआ। उन्होंने वर्षों तक मेहनत की, पौधों के अनुकूलन और उनकी विशेषताओं पर काम किया।
पद्मश्री और दिव्य हिमाचल एक्सीलेंस अवार्ड के बाद एक और उपलब्धि
गर्म जलवायु में सेब उत्पादन की दिशा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए हरिमन शर्मा को इससे पहले देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें दर्जनों राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय अवार्ड सहित प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्र दिव्य हिमाचल एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। अब प्लांट जीनोम सेवियर पुरस्कार मिलने से उनके सम्मान और उपलब्धियों की सूची में एक और महत्त्वपूर्ण
अध्याय जुड़ गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App