‘नहाय-खाय’ के साथ छठ महापर्व शुरू

By: Nov 14th, 2026 12:54 am

चार दिन तक चलने वाले पावन छठ महापर्व का शुभारंभ, नादौन में रह रहे प्रवासियों ने पूरी श्रद्धा से की शुरुआत

कार्यालय संवाददाता – नादौन
छठ महापर्व का पहला दिन ‘नहाय-खाय’ के साथ शुक्रवार को आरंभ हुआ। नादौन में रह रहे प्रवासियों ने पूरी श्रद्धा के साथ छठ पूजा की शुरुआत की। इस दिन व्रती महिलाएं सात्विक भोजन का सेवन करती हैं और छठ व्रत का संकल्प लेती हैं। छठ पूजा का महापर्व पूरे चार दिनों चक चलता है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय के साथ होती है। इस दिन सात्विक आहार और लौकी की सब्जी खाने का विधान है। नहाय-खाय के दिन से ही व्रतियों का अनुष्ठान शुरू होता है। इस दिन व्रती स्नान कर नए या धुले हुए साफ वस्त्र धारण करती हैं और भगवान सूर्य और छठी मइया का स्मरण करके व्रत का संकल्प लेती हैं। इसके बाद ही सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। छठ पूजा में नहाय खाय का विशेष महत्व होता है। छठ पूजा के नहाय-खाय वाले दिन दाल, चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाने की परंपरा है। लौकी को कई जगह कद्दू के नाम से भी जाना जाता है।

विशेष ध्यान

नहाय-खाय भोजन पूरी तरह सात्विक होता है, जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाता है। कई जगहों पर नहाय-खाय का भोजन बनाने से पूर्व रसोई और चूल्हे की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन बनाने में पवित्रता का ख्याल रखा जाता है।

जरूरी जानकारी
नहाय-खाय के दिन तैयार किया गया भोजन सबसे पहले व्रत रखने वाली महिलाओं को परोसा जाता है। नहाय-खाय का भोजन प्रसाद होता है, तो इस दिन परिवार के सभी सदस्य स्नान करने के बाद ही प्रसाद ग्रहण करते हैं। व्रती जब भोजन कर लें उसके बाद ही परिवार के दूसरे खाना खाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App