मौसम के बदलते मिजाज से बिगडऩे लगी लोगों की सेहत

By: Nov 15th, 2026 12:55 am

मेडिकल कालेज हमीरपुर की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की संख्या, मेडिसिन ओपीडी में मरीजों की संख्या में 10 फीसदी तक इजाफा

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों की सेहत पर भी इसका असर दिखने लगा है। तापमान में उतार चढ़ाव के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में इन दिनों मरीजों की ओपीडी में करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे अधिक असर मेडिसिन ओपीडी में देखने को मिल रहा है, जहां सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई मरीज तो सुबह आठ बजे से पहले ही अस्पताल पहुंचकर पंजीकरण करवाने और उपचार लेने के लिए कतारों में खड़े हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर जिला का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है। यहां रोजाना डेढ़ हजार से अधिक मरीजों की पर्चियां बनती हैं।

अस्पताल के विभिन्न विभागों में चिकित्सक लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यही वजह है कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं और संस्थान के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बना हुआ है। रोजाना सैकड़ों मरीज विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। इन दिनों सामान्य बीमारियों के साथ-साथ मौसमी संक्रमण से प्रभावित मरीजों की सं या में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम में आए बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले कई छात्र सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में अभिभावक बच्चों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचा रहे हैं। चिकित्सकों से जांच करवाने के बाद बच्चे दवाइयां लेकर घर पर आराम कर रहे हैं।

उमड़ी भीड़

मेडिसिन ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पताल परिसर में सुबह के समय काफी भीड़ देखने को मिल रही है। पंजीकरण काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कमरों के बाहर तक मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।

सर्दी के मौसम में बचाव जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की माने तो मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम विशेष सावधानी रखें। खानपान में पौष्टिक आहार शामिल करें तथा पर्याप्त आराम करें। खांसी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण लंबे समय तक बने रहने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App