राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएंगे युवा
घुमारवीं कॉलेज में चार दिवसीय शिविर का आयोजन, 40 स्वयंसेवक ले रहे प्रशिक्षण
स्टाफ रिपोर्टर -घुमारवीं
युवा केवल अपने भविष्य को संवारने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इसी उद्देश्य को लेकर स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में चार दिवसीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से आयोजित यह शिविर 11 से 14 नवंबर तक चलेगा। इसमें महाविद्यालय के 40 स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक भाग लेकर नेतृत्व क्षमता,व्यक्तित्व विकास और सामाजिक दायित्वों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर रहे हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के गुणों से परिचित करवाने के साथ उनमें सामाजिक चेतना, आत्मविश्वास और सामुदायिक विकास के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केवल व्यक्तिगत प्रयास ही नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और बेहतर नेतृत्व भी जरूरी है। युवाओं को भविष्य में सामाजिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है। चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों की ओर से युवा नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, टीम भावना, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से स्वयंसेवकों को नेतृत्व की बारीकियों से अवगत करवाने के साथ भी बताया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
