डीसी ऑफिस के बाहर पेंशनरों का धरना शुरू

By: Nov 15th, 2026 12:55 am

मंडी में पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 17 तक चलेगा आंदोल, लंबित ग्रेच्युटी और 13 प्रतिशत डीए के भुगतान की उठाई मांग

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मंडी में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह आंदोलन 17 नवंबर तक जारी रहेगा। इसमें जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारी भाग लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। धरने के पहले दिन सुंदरनगर खंड के पेंशनरों के अलावा हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स फेडरेशन की जिला कार्यकारिणी और स्थानीय स्वशासन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी भाग लिया। धरने पर बैठे पेंशनर नेताओं ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें सरकार के समक्ष उठाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार की बेरुखी और लगातार हो रही अनदेखी के कारण पेंशनरों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले वित्तीय लाभ कर्मचारियों का अधिकार हैं, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद कई सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने देय भुगतान के इंतजार में हैं।

पेंशनरों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2016 से 31 दिसंबर 2021 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की लंबित ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव एनकैशमेंट तथा वेतन और पेंशन एरियर का शीघ्र भुगतान शामिल है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते की किस्तों और 13 प्रतिशत डीए का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई। पेंशनर नेताओं ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) और शहरी स्थानीय निकायों के पेंशनरों को नियमित रूप से पेंशन देने की मांग भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को अपने जीवन के इस पड़ाव में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए। संघर्ष समिति के अनुसार जिलाधीश कार्यालय के बाहर यह धरना प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। समिति ने सभी विभागों के पेंशनरों से आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि उनकी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जा सके। धरने के पहले दिन लक्ष्मण सिंह वर्मा, प्रभु राम वर्मा, दिलीप ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, रूपलाल ठाकुर, नानक चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के कई पेंशनर उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App