माननीयों के आने से चमकी धर्मशाला की सडक़ें
विधानसभा सत्र ने जगाए सोए विभाग, रातोंरात सडक़ों के गड्ढों को नसीब हुआ कोलतार, साल भर धक्के खाती रही जनता
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
धर्मशाला शहर की सडक़ों पर सालभर से बने बड़े-बड़े गड्ढों को आखिरकार विधानसभा सत्र के बहाने कोलतार नसीब हो गई है। वहीं, दाड़ी से कंडी जाने वाली बदहाल सडक़ की मरम्मत के लिए भी अब विभाग हरकत में आ गया है। इस मार्ग पर गड्ढों को कंक्रीट से भरकर सडक़ को दुरुस्त किया जा रहा है। इतना ही नहीं, जलशक्ति विभाग की पेयजल पाइपों से सडक़ों पर लगातार बह रहे पानी को रोकने के लिए भी मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। सवाल यह है कि विभागों को जनता की परेशानी दूर करने की याद विधानसभा सत्र से ठीक पहले ही क्यों आई? 16 नवंबर यानि सोमवार से धर्मशाला में विधानसभा सत्र प्रस्तावित है। इस दौरान माननीयों के कंडी स्थित होटलों में ठहरने की व्यवस्था के चलते दाड़ी से कंडी तक मुख्य आवाजाही मार्ग को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। सडक़ पर जगह-जगह बने गड्ढों को कंक्रीट से भरा जा रहा है, जबकि जलशक्ति विभाग भी पाइपों से लगातार बहने वाले पानी की समस्या को ठीक करने में जुटा है। यह वही सडक़ है, जिस पर स्थानीय लोगों को बरसात ही नहीं, बल्कि वर्षभर गड्ढों, पानी और बदहाल रास्ते के कारण परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
इतना ही नहीं, धर्मशाला के लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बने गड्ढों को भी अब मिट्टी की बजाय कोलतार नसीब हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सडक़ की हालत लंबे समय से खराब थी, तब विभागों को इसकी सुध लेने की फुर्सत क्यों नहीं मिली? क्या आम जनता की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़ी सडक़ें तभी महत्त्वपूर्ण हो जाती हैं, जब वहां से माननीयों का काफिला गुजरना हो या उनके ठहरने की व्यवस्था हो? यही हाल धर्मशाला शहर की अन्य प्रमुख सडक़ों का भी रहा है। गड्ढों में लगातार मिट्टी भरकर अस्थायी मरम्मत की जाती रही, लेकिन अब विस सत्र के बहाने इन गड्ढों पर कोलतार डालने का आनन-फानन में काम किया जा रहा है, जबकि अति दयनीय हालत वाले स्थानों में रंग-रोगन का कार्य भी युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि क्या धर्मशाला की सडक़ें केवल विधानसभा सत्र के दौरान ही दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी है? यदि यही सक्रियता सालभर दिखाई जाए तो आम जनता को बदहाल सडक़ों पर सफर करने की मजबूरी क्यों झेलनी पड़े?
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
