अब जवाब देने लगा परिवहन पेंशनरों का सब्र

By: Nov 15th, 2026 12:53 am

महंगाई भत्ते और संशोधित वेतनमान के एरियर से अब तक रखा वंचित, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन चंबा की मासिक बैठक शनिवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्ययक्षता संगठन के सचिव ओमप्रकाश ने की। बैठक में पेंशनरों ने हिमाचल सरकार व निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार झूठे वायदों व आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई मर्तबा मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री से वार्ता करने के बावजूद पेंशनरों की मांगों व समस्याओं के निपटारे को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। वक्ताओं ने परिवहन निगम के नियमित कर्मचारियों को सरकार की आरे से लगभग 6-7 माह पहले महंगाई भत्ते के रूप में तीन प्रतिशत की बढौतरी का लाभ प्रदान किया जा रहा है, लेकिन अभी तक पेंशनरों को इस वित्तीय लाभ से भी वंचित रखा गया है। संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा है कि सरकार द्वारा 2016 से संशोधित वेतनमान का लाभ सभी विभागों के पेंशनरों को एरियर के रूप में दिया जा रहा है, लेकिन परिवहन निगम के पेंशनरों को अभी भी इस लाभ से वंचित रखा गया है।

एक वर्ष पहले रिटायर्ड कर्मचारियो को भी वित्तीय लाभ प्रदान नहीं किए जा सके हैं। इससे पेंशनरों को परिवार के पालन-पोषण में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि इन कर्मचारियों को अति शीघ्र वित्तीय लाभ व पेंशन लगाई जाए ताकि यह सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने परिवार का पालन पोषण ठीक तरीके से कर सके। उन्होंने सरकार से मांग उठाई कि पेंशनरों की जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाए। अन्यथा पेंशनर हक पाने के लिए आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार व निगम प्रबंधन की होगी। बैठक में राजकुमार, इंद्र सिंह, सुरेश कुमार, सुरेश कुमार शर्मा, ओमप्रकाश, देवराज, देव राज (द्वितीय), महेश नाथ, साहब चंद, कुमान मान सिंह, सुरेश कुमार, दुनीचंद, चैनलाल, प्रकाश चंद, उत्तम सिंह, कुलदीप कुमार, मनोहर लाल, सुरेश कुमार, रीता देवी व रीता कुमारी आदि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App