शताब्दी समारोह में पुरानी यादें हुईं ताजा

By: Nov 15th, 2026 12:55 am

डुघीलग स्कूल में पूर्व विद्यार्थियों को किया सम्मानित, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की शिरकत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुघीलग ने शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी गौरवशाली यात्रा के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर में शताब्दी समारोह एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल और पारंपरिक कुल्लवी टोपी भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय के वर्तमान एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों, अध्यापकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शताब्दी स्मारक का अनावरण कर विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत को नमन किया। इस दौरान विधायक ने शैक्षणिक परीक्षाओं एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शताब्दी समारोह के दौरान विद्यालय और क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक सहायता की घोषणाएं कीं। उन्होंने विद्यालय के डैफोडिल ईको क्लब को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त माता बागा सिद्ध के सराय भवन के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए भी पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App