बजरी पर फिसल रहे दोपहिया वाहन

By: Nov 15th, 2026 12:55 am

एमएमएस स्कूल कॉलोनी रोड पर हादसों का बढ़ा खतरा
निजी संवाददाता-भुंतर
कलैहली स्थित एमएमएस स्कूल कॉलोनी रोड पर सडक़ किनारे और रास्ते में रखे बजरी के ढेर राहगीरों तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। सडक़ पर बिखरी बजरी के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई दोपहिया वाहन चालक बजरी पर फिसलकर गिर भी चुके हैं। जानकारी के अनुसार इस स्थान पर बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर से संबंधित कार्य चल रहा है। इसी कार्य के चलते सडक़ पर बजरी डालकर रखी गई है, लेकिन कार्य के दौरान सडक़ पर फैली बजरी को समय रहते नहीं हटाया गया। इसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर बजरी के ढेर होने से विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को तुरंत बजरी हटाने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सडक़ को आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाया जा सके। वहीं, इस संबंध में बिजली विभाग के सहायक अभियंता भुंतर अमन वशिस्टा ने कहा कि ठेकेदार को सडक़ से बजरी हटाने के लिए कहा जाएगा। अब देखना यह है कि विभाग के निर्देशों के बाद सडक़ से बजरी कब हटाई जाती है। लोगों की मांग है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना विभाग इस समस्या का शीघ्र समाधान करे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App