Ind vs Nz 5th ODI: रोहित-विराट फिर फ्लॉप, न्यूजीलैंड ने भारत को 209 रन पर समेटा
माउंट मॉन्गानुई। जैकब डफी और मिचेल सैंटनर (तीन-तीन विकेट) तथा मैथ्यू फिशर (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने रविवार को पांचवें और सीरीज के आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 42.1 ओवरों में 209 रन के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रहीं और उसने 34 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट खो दिये। रोहित शर्मा (सात), विराट कोहली (पांच) और ऋतुराज गायकवाड़ 18 रन बनाकर आउट हुए।
रोहित और विराट को मैथ्यू फिशर ने आउट किया। जबकि गायकवाड़ जैकब डफी का शिकार बने। इसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। 18वें ओवर में ब्लेयर टिकनर ने श्रेयस अय्यर (22) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद इशान किशन ने अक्षर पटेल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट लिए 35 रन जोड़े। 25वें ओवर में ब्रेसबेल ने अक्षर पटेल का शिकार कर लिया। अक्षर पटेल ने 55 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली।
इसके बाद मिचेल सैंटनर ने नमन धीर (22), आकिब नबी (पांच) और यश ठाकुर (शून्य) को आउट कर भारत के बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद को तगड़ा झटका दिया। 41वें ओवर में जैकब डफी ने एक छोर थामे रन बना रहे इशान किशान को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान किशन ने 58 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 46 रनों की पारी खेली। 43वें ओवर की पहली गेंद पर जैकब डफी ने अर्शदीप सिंह (14) को बोल्ड कर भारत की पारी का 209 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। न्यूजीलैंड की और से जैकब डफी और मिचेल सैंटनर ने तीन-तीन विकेट लिये। मैथ्यू फिशन को दो विकेट मिले। माइकल ब्रेसवेल और ब्लेयर टिकनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
