सुजानपुर में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगे 18 लाख रुपए, बेटे की जॉब का झांसा देकर पिता को लगाई चपत
सुजानपुर में शातिरों ने बेटे की जॉब का झांसा देकर पिता को लगाई चपत
सिटी रिपोर्टर-सुजानपुर
बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक पिता से 18 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने सरकारी नौकरी का भरोसा देकर न केवल लाखों रुपए ऐंठे, बल्कि बेटे के नाम पर कथित तौर पर जाली नियुक्ति आदेश भी तैयार करवाया। दस्तावेजों की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सतीश निवासी गांव बैरी, डाकघर जंगलबेरी ने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में रवि कुमार निवासी जिला कांगड़ा, राहुल किशोर गायवाड़ निवासी महाराष्ट्र तथा तिलक राज निवासी पठानकोट पर आरोप लगाए हैं। आरोपियों ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करीब 18 लाख रुपए लिए।
इस दौरान राहुल किशोर ने बेटे के नाम पर कथित तौर पर अपॉइंटमेंट ऑर्डर भी तैयार करवाया। जब दस्तावेजों की जांच करवाई गई, तो वे जाली पाए गए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
