हिमाचल में सर्दी का प्रचंड प्रहार, कुकुमसेरी में शून्य से चार डिग्री नीचे लुढक़ा पारा, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

By: Nov 17th, 2026 12:01 am

हिमाचल में एक ही दिन में कई क्षेत्रों में आठ डिग्री तक गिरा तापमान, बढ़ी ठिठुरन

शिमला में 115 साल बाद नवंबर में माइनस 1.1 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान लगातार गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। राजधानी शिमला में नवंबर महीने में 115 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 19 नवंबर, 1911 को भी यही तापमान रिकार्ड हुआ था। फिलहाल प्रदेश में कुकुमसेरी सबसे ठंडा बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड जारी रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रातें बेहद सर्द होने लगी हैं।

उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस चार से चार डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान दो से 15 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में छह से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में भी तापमान गिरने से सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी भी हुई है। सांगला में सबसे अधिक 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कल्पा में 2.2 और शिमला में दो मिलीमीटर बारिश हुई। कुफरी में हल्की बर्फबारी भी रिकार्ड की गई है। हालांकि अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पडऩे से प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

अब 22 नवंबर तक मौसम रहेगा साफ

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 नवंबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। अगले चार से पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन के समय लोगों को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होने से ठंड का असर बरकरार रहेगा। मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App