दुनिया के 50 प्रभावशाली मुसलमानों में एक भारतीय, आसिम मुनीर-शहबाज शरीफ संग तीन नेता टॉप पर, मक्का समझौता बना वजह

By: Nov 18th, 2026 12:06 am

एजेंसियां —अम्मान

जॉर्डन में मौजूद रॉयल इस्लामिक स्ट्रेटेजिक स्टडीज सेंटर (आरआईएसएससी) की सालाना रिपोर्ट में दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची जारी की गई है। इसमें शीर्ष 50 में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सबसे आगे हैं। सूची में एक भारतीय मुस्लिम भी शामिल हैं, जो जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना महमूद मदनी हैं। हालांकि पिछले साल के मुकाबले मदनी की रैंकिंग दो पायदान गिर गई है, फिर भी वह लिस्ट में 18वें स्थान पर हैं। सूची में पांच नेताओं को शीर्ष पर एक साथ रखा गया है, जिसमें आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ के अलावा तीन और नेता शामिल हैं। दरअसल, पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की वजह से उनकी भूमिका को सराहा गया है। इसलिए सूची में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर सऊदी के किंग सलमान, सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन शामिल हैं। उनके अलावा ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को दूसरे स्थान पर जगह मिली है। वहीं तीसरे स्थान पर जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला और कतर के अमीर शेख तमीम चौथे स्थान पर हैं।

पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें और यमन के हूती नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती 17वें स्थान पर हैं। इसके अलावा अफगानिस्तान के तालिबान सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा, सीरिया के अहमद अल-शरा और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी भी टॉप-50 में शामिल हैं। सूची में दुनियाभर के 500 असरदार मुसलमानों का नाम है, जिनमें से सिर्फ 50 को अलग-अलग रैंक दी गई है, बाकी 450 को अलग श्रेणी में बांटा गया है। मुनीर और शहबाज शरीफ भी पहले के संस्करण में अनरैंक्ड 450 में थे, लेकिन 18वें संस्करण में उनका ऊपर आना खासतौर पर अहम हो गया है। 18वें संस्करण में पहली बार प्रकाशक ने शीर्ष पर कई नेताओं का नाम लिया है। इसमें चौथे स्थान पर ईरानी सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई है।

450 लोगों में ही ओवैसी का नाम

रिपोर्ट के मुताबिक इस लिस्ट में 500 प्रभावशाली मुस्लिमों की इस रिपोर्ट में केवल शीर्ष 50 को ही व्यक्तिगत रैंक दी जाती है। इसके अलावा 450 लोगों के नाम को श्रेणियों में रखा जाता है। इन 450 लोगों में ही ओवैसी का नाम है। उनके अलावा इसमें जाकिर नाइक, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भी नाम भी हैं। वहीं लिस्ट में शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, शबाना आजमी और एआर रहमान के नाम भी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App