इलेक्ट्रिक बसों पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल, तो डिप्टी सीएम ने दिया जवाब, बोले… पढ़ें पूरी खबर

By: Nov 18th, 2026 12:07 am

शीत सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर डिप्टी सीएम ने संभाला मोर्चा

बोले, कंपनी को नहीं दी एक फूटी कौड़ी, उल्टा ठोंका 37 करोड़ रुपए जुर्माना

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — तपोवन

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा विधायकों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और हमीरपुर बस अड्डे पर पूर्व परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के आरोपों का जवाब दिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की अभी एक रुपए पेमेंट नहीं हुई है। तीन महीने से गाडिय़ां प्रदेश में चल रही हैं और यह ट्रायल रन है। इन बसों के लिए 180 किलोमीटर की कंडीशन थी, जबकि औसत दूरी 193 किलोमीटर आई है।

चीन से बस लेने के आरोप पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दुनिया में और कौन देश इलेक्ट्रिक बसें बना रहा है। नेता प्रतिपक्ष इसका जवाब दे दें। जो पहली इलेक्ट्रिक बस रोहतांग के लिए चली थी, वह भी चीन से ही आई थी। उन्होंने कहा कि लेट बसें देने के लिए कंपनी पर 37 करोड़ जुर्माना भी लगाया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने हमीरपुर बस अड्डे को लेकर लगाए जा रहे आरोप पर कहा कि यह बस अड्डा ट्रांसपोर्ट का नहीं है। इसे सामान्य प्रशासन विभाग बना रहा है।

बीच में बोल पड़े स्पीकर

चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ने यहां तक कह दिया कि तपोवन विधानसभा भवन को भी बेचने की चर्चा चल रही है। इस पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। इसी बीच स्पीकर कुलदीप पठानिया भी बोल पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास ऐसी कोई अथॉरिटी नहीं है कि जो विधानसभा भवन को लेकर फैसला ले। हां इतना जरूर है कि इस परिसर का बेहतर इस्तेमाल के लिए कुछ योजना चल रही है।

हमारा मुद्दा चुराया

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ‘हिमाचल ऑन सेल’ पूर्व भाजपा सरकार के खिलाफ हमने मुद्दा बनाया था, लेकिन वर्तमान विपक्ष इस मुद्दे को हमारे खिलाफ ले आया। ऐसे मुद्दे कॉपी करके कुछ नहीं होगा। भाजपा को चाहिए कि थोड़ा मेहनत करे और असली मुद्दे लाए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आपकी सरकार मंडी में एयरपोर्ट नहीं बना पाई, लेकिन हमने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार को सिरे चढ़ाया है और 3000 करोड़ से ज्यादा खर्च हो गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App