मांगें पूरी न होने पर करेंगे मरणव्रत
ऊना में लंबित वित्तीय मांगों को लेकर पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना छठे दिन भी रहा जारी
नगर संवाददाता-ऊना
लंबित वित्तीय मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगों की अनदेखी पर रोष जताया। पेंशनरों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि मंगलवार शाम तक सरकार की ओर से बातचीत के लिए कोई संदेश नहीं आया तो 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का बड़े स्तर पर घेराव किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को और तेज करने के संकेत देते हुए जरूरत पडऩे पर मरणव्रत पर बैठने की चेतावनी भी दी। धरने के दौरान पेंशनरों ने कहा कि वे सरकार से कोई खैरात नहीं मांग रहे हैं, बल्कि लंबे समय से लंबित अपने जायज अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जीवनभर सरकारी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति की उम्र में अपने हकों के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार आवाज उठाई है और आंदोलन किए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया जताई, जिसमें आंदोलन कर रहे पेंशनरों को भाजपा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की मांगों को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है। यदि कुछ पेंशनर भाजपा से जुड़े भी हैं तो क्या अपने अधिकारों की मांग करने के लिए उन्हें पंजाब या पाकिस्तान जाना चाहिए? सतीश ठाकुर, पवन कुमार, केवल सिंह, जीवन कुमार, भजन सिंह, अजीत सिंह, सुभाष वर्मा, किशोरी लाल, सरूप लाल, परमीत सिंह, हरीश कुमार, केसी सैनी, प्रेम शर्मा, अशोक धीमान, सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
