आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वरोजगार अपनाएं महिलाएं

By: Nov 18th, 2026 12:01 am

बंगाणा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को बीडीओ ने दिए टिप्स

स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
विकास खंड बंगाणा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत एमसीएलएफ हिम आंचल की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। बीडीओ केएल वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकारिणी समिति और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक में संस्था की प्रधान ने बीते वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्यों ने लेखा-जोखा देखने के बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके साथ ही संस्था की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई तथा आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बीडीओ केएल वर्मा ने महिलाओं के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

महिलाओं को केवल बचत तक सीमित न रहकर अपनी आजीविका बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए। इसके लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण लेकर समूहों के माध्यम से छोटे-बड़े व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैंक और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाले ऋण का इस्तेमाल उत्पादक कार्यों में किया जाना चाहिए, ताकि महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ा सकें। उन्होंने पदाधिकारियों और सदस्यों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज का विकास संभव है। एमसीएलएफ हिम आंचल स्वयं सहायता समूहों से लेकर ग्राम संगठनों तक महिलाओं को एक मंच प्रदान कर रहा है। ऐसे सामूहिक प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व और उद्यमिता को नई दिशा दे सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App