कुठेहड़ में आग का तांडव, दोमंजिला मकान राख
रात को अचानक भडक़ी आग, परिवार ने भागकर बचाई जान; सामान सहित लपटों में समाया आशियाना
निजी संवाददाता-मैहला
ग्राम पंचायत कलमला के कुठेहड़ गांव में स्लेटपोश दोमंजिला कच्चा मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में प्रभावित परिवार की जिंदगी भर की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार धरवाला दिलो राम ने प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। जानकारी के अनुसार कुठेहड़ गांव निवासी प्रकाश पुत्र ज्ञानू के स्लेटपोश मकान में अचानक आग लग गई। मकान में धुआं भरने से निचली मंजिल में सो रहे परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसी बीच प्रभावित परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि देखते ही देखते पूरा मकान सामान सहित जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पंचायत प्रधान विपिन शर्मा ने उपमंडलीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की फौरी राहत भी प्रदान की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
