सोनिया गांधी की किताब पर बवाल, दो दल भडक़े; दो बार बनवाई कांग्रेस सरकार, फिर भी हमारा जिक्र नहीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने किताब में अपने प्रमुख नेताओं और राज्यों का उल्लेख नहीं होने पर नाराजगी जताई है। वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया है कि किताब में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत नेता वाईएस राजशेखर रेड्डी का कहीं जिक्र नहीं किया गया है। पार्टी का कहना है कि राजशेखर रेड्डी ने उस दौर में कांग्रेस को राजनीतिक रूप से मजबूती दी थी, जब पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही थी। वाईएसआरसीपी नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी ने दो बार केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनवाने में मदद की फिर भी सोनिया गांधी ने उनके दिवंगत नेता का अपनी किताब में जिक्र नहीं किया। वहीं, तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने भी किताब में राज्य का उल्लेख नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने कभी तेलंगाना के प्रति वास्तविक सम्मान और लगाव नहीं दिखाया। बुधवार को वाईएसआरसीपी सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने एक बयान जारी कर किताब में वाईएस राजशेखर रेड्डी का उल्लेख नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस राजनीतिक रूप से संघर्ष कर रही थी, तब रेड्डी ने पार्टी को दोबारा खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी। गुरुमूर्ति के मुताबिक, राजशेखर रेड्डी के नेतृत्व और उनकी पदयात्रा को मिले व्यापक जनसमर्थन ने आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की वापसी का रास्ता तैयार किया। इसके बाद पार्टी के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) को 2004 और 2009 में दो बार केंद्र में सरकार बनाने में भी मदद मिली। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी सफलता और राजशेखर रेड्डी का नेतृत्व ऐसे अहम कारक थे, जिनकी बदौलत पार्टी लगातार दूसरी बार केंद्र में सत्ता हासिल करने में सफल रही। वाईएसआरसीपी सांसद ने राजशेखर रेड्डी की सितंबर 2009 में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में असामयिक मौत का उल्लेख नहीं होने पर भी अफसोस जताया। उनके मुताबिक, इस दुखद हादसे ने आंध्र प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल दी थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
