पाबंदियों और दबाव से तरक्की नहीं रुकती, चीन के शेनझेन में जिनपिंग से मुलाकात कर बोले रूसी राष्ट्रपति पुतिन
एजेंसियां — शेनझेन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को चीन के शहर शेनझेन में एशिया-पेसिफिक इकोनॉमिक कॉरपोरेशन (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से द्विपक्षीय मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के बीच एक निष्पक्ष और बहुधु्रवीय विश्व व्यवस्था जहां शक्ति किसी एक देश के पास केंद्रित न हो तैयार करने पर जोर दिया। मुलाकात के दौरान पुतिन ने कहा कि कठिन वैश्विक राजनीतिक हालात के बावजूद रूस और चीन के संबंध स्थिर और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले एपीईसी के व्यापारिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पुतिन ने पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों पर परोक्ष रूप से निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव बनाने और दबदबा कायम करने के तरीके अब बीते जमाने की बात हो चुके हैं और इनका असर कम हो गया है।पहले ताकतवर रहे कुछ देश अपनी प्रतिस्पर्धा के नियमों को दरकिनार कर उभरते हुए सफल देशों की तरक्की को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रतिबंधों का सामना कर रहे रूस का उदाहरण देते हुए पुतिन ने माना कि टैरिफ और निर्यात पाबंदियां विकास की रफ्तार को कुछ हद तक धीमा जरूर कर सकती हैं, लेकिन वे किसी देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह तबाह करने या उसकी वृद्धि को रोकने में सक्षम नहीं हैं।
रिश्ते आपसी सम्मान और समानता की मिसाल
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी पुतिन की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि बड़ी शक्तियों के रूप में दोनों देशों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को अधिक लोकतांत्रिक बनाने का नेतृत्व करना चाहिए। शी ने दोनों देशों के आपसी सहयोग को और गहरा करने की बात कहते हुए कहा कि रूस-चीन की साझेदारी ने आज की अस्थिर दुनिया को मजबूती और भरोसा दिया है। उन्होंने इस रिश्ते को आपसी सम्मान और समानता की मिसाल बताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
