नौणी विश्वविद्यालय के एक अधिकारी का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल करने की सिफारिश
अजय कुमार, सोलन।
नौणी यूनिवर्सिटी के मौजूदा कार्यकारी उप कुलपति का नाक्म ओडीआईआई सूची में शामिल करने की सिफारिश की गई है। तपोवन में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक सतपाल सत्ती द्वारा पूछे गए सवाल के बाद बागवानी विभाग से यह जानकारी सभा पटल पर रखी गई है। डॉ यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के एक अधिकारी का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल करने की सिफारिश विश्वविद्यालय प्रशासन ने सरकार से की थी। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने 31 जनवरी 2026 को सरकार को पत्र भी भेजा था। इस मामले की जांच गृह (सतर्कता) विभाग की ओर से की गई और डॉ हरमिंदर सिंह बाजवा का नाम संबंधित सूची में शामिल करने का निर्णय लिया गया। यह खुलासा ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती की ओर से विधानसभा में पूछे गए तारांकित स्थगित प्रश्न संख्या 4438 के जवाब में हुआ है।
बागवानी विभाग की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने एक अधिकारी का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल किए जाने के संबंध में सरकार को प्रस्ताव भेजा था। यह पत्र 4 फरवरी 2026 को प्रशासनिक विभाग में प्राप्त हुआ था। बागवानी विभाग ने दोनों सवालों का जवाब देते हुए संबंधित सूचना विधानसभा के पटल पर रख दी है। इस जवाब से स्पष्ट हुआ है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एक अधिकारी का नाम प्रस्तावित किया गया था और सतर्कता विभाग की जांच के बाद उसे सूची में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
डॉ हरमिंदर सिंह बाजवा का नाम प्रस्तावित
विधानसभा में दिए गए लिखित जवाब के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने ओडीआईआई सूची में शामिल करने के लिए केवल एक अधिकारी के नाम की सिफारिश की थी। यह नाम डॉ हरमिंदर सिंह बाजवा का है। वह विश्वविद्यालय के बागवानी महाविद्यालय में प्रधान वैज्ञानिक सह प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। उनका विभाग प्लोरिकल्चर एवं लैंडस्केप आर्किटेक्चर है।
सतर्कता विभाग की जांच में लिया गया फैसला
विधानसभा में दिए गए जवाब के दूसरे हिस्से में बताया गया है कि इस मामले की जांच गृह (सतर्कता) विभाग की ओर से 17 दिसंबर 2018 को जारी पत्र के तहत निर्धारित योजना के अनुसार की गई। जांच के बाद डॉ हरमिंदर सिंह बाजवा का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय की जानकारी देने के लिए निदेशक, सतर्कता विभाग और अतिरिक्त महानिदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को 7 मार्च 2026 को पत्र भेजा गया था।
विधायक ने उठाए दो अहम सवाल
विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सरकार से पूछा था कि क्या नौणी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ओडीआईआई सूची में शामिल करने के लिए सरकार को कोई प्रस्ताव भेजा था? यदि हां, तो संबंधित अधिकारी का नाम, पदनाम और स्थायी पता क्या है? साथ ही उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या सरकार ने संबंधित अधिकारियों को सूची में शामिल किया है और इस संबंध में निर्णय किस स्तर पर लिया गया?
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
