निर्वाचन प्रश्नोत्तरी में शिमला ग्रामीण की टीम अव्वल

By: Nov 19th, 2026 12:02 am

संजौली कालेज में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, रोहड़ू की टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान; विजेताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे सम्मानित

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
जिला निर्वाचन कार्यालय, शिमला द्वारा बुधवार को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, राजकीय महाविद्यालय संजौली में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के अंतर्गत जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिला शिमला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों से जुड़े विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की टीम द्वितीय स्थान पर रही। अन्य विधानसभा क्षेत्रों से आई टीमों ने भी निर्वाचन संबंधी विषयों पर अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान मतदाता सूची की तैयारी एवं पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, वीवीपैट, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने इन प्रश्नों के माध्यम से निर्वाचन प्रणाली के प्रति अपनी समझ, जागरूकता तथा तार्किक क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को आगामी दिनों में जिला मुख्यालय, शिमला में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, शिमला द्वारा मेरिट एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में भी निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में उपनिदेशक, उच्च शिक्षा की ओर से उनके प्रतिनिधि दयानंद आजाद ने भी भाग लिया। राजकीय महाविद्यालय संजौली के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की नोडल अधिकारी एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. पूनम चंदेल तथा श्रीमती नमिता सी खागटा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाविद्यालय के ईएलसी सदस्यों ने भी आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App