पुलिस भर्ती के पहले दिन 1335 पहुंचे, 379 ही पास

By: Nov 20th, 2026 12:55 am

स्टाफ रिपोर्टर-मंडी
मंडी जिला के पंडोह स्थित तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी (थर्ड आईआरबीएन) में पुलिस भर्ती प्रक्रिया का आगाज हो गया है। वीरवार सुबह सात बजे भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 2000 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए बुलाया गया था, लेकिन इनमें से 1335 अभ्यर्थी ही मैदान में पहुंचे। भर्ती के पहले दिन 379 अभ्यर्थियों ने निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। वहीं, परीक्षा में शामिल हुए 956 अभ्यर्थी निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं कर पाए। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति भी देखने को मिली। निर्धारित 2000 अभ्यर्थियों में से 665 अभ्यर्थी मैदान में नहीं पहुंचे। इस तरह बुलाए गए अभ्यर्थियों में से करीब 66.75 प्रतिशत ने ही पहले दिन भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में से लगभग 28.39 प्रतिशत ही शारीरिक दक्षता परीक्षण पास कर पाए।

पंडोह में भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुबह से ही गतिविधियां शुरू हो गई थीं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद तय मापदंडों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षण करवाया गया। पुलिस विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संपन्न करवाई जा रही है। पूरी प्रक्रिया पर विभाग की निगरानी है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी के साथ भेदभाव की गुंजाइश न रहे। भर्ती के दौरान व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App