एक महीने के बाद ढालपुर रोड पर दौड़ी गाडिय़ां

By: Nov 20th, 2026 12:55 am

दशहरा उत्सव के चलते थमी थी वाहनों की आवाजाही, 20 और 21 नवंबर को सजेगा अस्थायी बाजार का आखिरी दिन
जिला संवाददाता-कुल्लू
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के चलते करीब एक महीने से ढालपुर की मुख्य सडक़ पर बंद पड़ी वाहनों की आवाजाही अब फिर से शुरू हो गई है। दशहरा उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने ढालपुर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया था। अब उत्सव समाप्त होने के बाद मुख्य सडक़ से वाहनों की आवाजाही बहाल होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। गौर रहे कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आयोजन 21 से 27 अक्तूबर तक किया गया था। उत्सव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने 19 अक्तूबर को ही यातायात योजना जारी कर दी थी। इसके तहत ढालपुर क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन बनाया गया था और मुख्य आयोजन स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई थी।

यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए वाहनों को सर्कुलर मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई थी। वहींए भारी वाहनों की आवाजाही फोरलेन मुख्य मार्ग से निर्धारित की गई थी। इस दौरान लोकल बसों का संचालन ढालपुर स्थित कैटल मैदान से किया जा रहा था। वहींए लंबे रूट की बसें कुल्लू बस स्टैंड से मनाली, मंडी, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए जिया की तरफ से फोरलेन मार्ग होकर रवाना हो रही थीं। इससे बस स्टैंड के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव देखने को मिला। हालांकिए छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए पुलिस प्रशासन ने ढालपुर चौक से अस्पताल सडक़ का विकल्प खुला रखा था, जिससे स्थानीय लोगों और अस्पताल जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलती रही। अब ढालपुर की मुख्य सडक़ पर यातायात बहाल होने के साथ ही लोकल और लंबे रूट की बसों का संचालन भी कुल्लू बस स्टैंड से शुरू हो गया है। बसें अब अपने पुराने निर्धारित मार्ग से चलेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App